कानपुर देहात में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 को नकलविहीन और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा की निगरानी के लिए जनपद स्तर पर एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से जिले के सभी 83 परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। कंट्रोल रूम में सात कंप्यूटर सिस्टम लगाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक स्क्रीन पर 12-12 परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
सभी परीक्षा केंद्रों के स्टांप रूम में सीसीटीवी कैमरे, नाइट विजन रिकॉर्डर और वॉयस रिकॉर्डिंग युक्त कैमरे लगाए गए हैं। इन उपकरणों के माध्यम से 24 घंटे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी ने बताया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।


