23 C
Lucknow
Saturday, April 4, 2026

हाई-प्रोफाइल जिस्मफरोशी रैकेट का भंडाफोड़, 19 होटलों में छापेमारी

Must read

 

कानपुर कमिश्नरी पुलिस ने शहर में चल रहे एक बड़े जिस्मफरोशी रैकेट का खुलासा करते हुए शुक्रवार देर रात व्यापक कार्रवाई की। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और कल्याणपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बर्रा, कल्याणपुर, रावतपुर और सीसामऊ समेत कई क्षेत्रों के 19 होटलों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में पश्चिम बंगाल, झारखंड और असम की छह युवतियां बरामद की गईं, जिन्हें कथित रूप से देह व्यापार में धकेला गया था।

इस पूरे नेटवर्क के मुख्य आरोपी रोहित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो कल्याणपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह युवतियों को बाहर के राज्यों से लाकर शहर में होटलों के जरिए ग्राहकों तक पहुंचाता था। वह अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी नाम और अपनी आईडी का इस्तेमाल कर होटल बुकिंग करता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक युवती ने आरोपी पर अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया। इस शिकायत के बाद पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के निर्देश पर जांच शुरू की गई। जांच की जिम्मेदारी एडीसीपी शिवा सिंह को सौंपी गई, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान कई होटलों से संदिग्ध गतिविधियों के प्रमाण मिले और आधा दर्जन युवतियों को मौके से बरामद किया गया। इसके बाद एडीसीपी एसओजी सुमित सुधाकर रामटेके की टीम ने पूरे नेटवर्क को खंगालते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि एक दरोगा पर आरोपी से मिलीभगत का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि उक्त पुलिसकर्मी ने होटल संचालकों से संपर्क कराने में आरोपी की मदद की थी। इस मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी रोहित वर्मा पहले से ही कई मामलों में वांछित रहा है और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई को शहर में चल रहे अवैध धंधों पर बड़ी चोट माना जा रहा है और पुलिस ने संकेत दिए हैं कि ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article