बलिया| बेल्थरा रोड क्षेत्र में 13 दिसंबर को हुए राहुल उर्फ आयुष यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उभांव थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में शनिवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में हत्या में शामिल चार शूटर घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए, जबकि एक फरार बदमाश को भी दबोच लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सभी पकड़े गए आरोपियों ने आयुष यादव की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम चैनपुर गांव पहुंची थी। मौके पर दो कारें और एक मोटरसाइकिल खड़ी मिलीं, जिसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पहले शोर मचाया और फिर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन जब वे नहीं माने तो जवाबी कार्रवाई में नियंत्रित फायरिंग की गई, जिसमें चार बदमाश घायल हो गए।
घायल आरोपियों की पहचान नितीश यादव, दिलीप यादव, सतीश यादव निवासी भीमपुरा थाना क्षेत्र और राहुल वर्मा निवासी उभांव थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक नितीश, दिलीप और सतीश शूटर थे, जबकि राहुल वर्मा ने मुखबिरी की भूमिका निभाई थी। इस हत्याकांड की साजिश रचने वालों में रोहित वर्मा, पवन सिंह, राज वर्मा और राबिन सिंह के नाम सामने आए हैं। पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने मऊ जिले के डुमरी गांव निवासी आनंद वर्मा को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, .32 बोर की पिस्टल, .315 बोर का तमंचा, कारतूस, दो चार पहिया वाहन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। एएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या में इस्तेमाल किए गए अवैध असलहे कहां से लाए गए थे। जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here