उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में गुरुवार देर रात एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई, जहां एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे ने लैब टेक्नीशियन की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब 2 बजे कोतवाली देहात क्षेत्र के नैपालापुर इलाके में हुई। आरोपी शिवेश सिंह (40) ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से सतीश यादव (35) के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि जिस लैब में यह घटना हुई, वह आरोपी के पिता की है और उसकी जिम्मेदारी शिवेश ही संभालता था। सतीश यादव उसी लैब में टेक्नीशियन के रूप में काम करता था और वहीं रहता भी था। दोनों के बीच पहले से मनमुटाव चल रहा था, जो गुरुवार रात विवाद में बदल गया।
विवाद के दौरान गुस्से में आकर शिवेश अपने पिता के कमरे में गया और अटैची जलाकर उसमें रखी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली। इसके बाद उसने लौटकर सतीश के सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके पर पहुंचे तो सतीश खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और लैब को सील कर दिया गया। नेहा त्रिपाठी, सीओ सदर के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है और उसे बाइपोलर डिसऑर्डर की समस्या है, जिससे उसका व्यवहार अचानक बदल जाता है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में इसे आत्महत्या का मामला बताया गया था, लेकिन जांच और पूछताछ में हत्या का खुलासा हुआ। वारदात में इस्तेमाल रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया गया है और मृतक के परिजनों को सूचना देकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


