कंकाल बरामद होने के बाद परिजनों का गुस्सा, सभी नामजद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
फर्रुखाबाद,अमृतपुर।क्षेत्र में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड में अब मृतक की पत्नी धर्मशिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पति ओमवीर सिंह का देवेन्द्र यादव, गुलाब सिंह, रामू यादव, सुरजीत यादव, श्यामवीर यादव सहित अन्य लोगों ने मिलकर अपहरण किया और बाद में उनकी हत्या कर दी।
धर्मशिला के अनुसार यह पूरी घटना पूर्व नियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई। उनका आरोप है कि सभी नामजद आरोपियों की भूमिका इस मामले में संदिग्ध ही नहीं बल्कि बेहद अहम है। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन आरोपियों ने उनके पति को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे।
पीड़िता ने कहा कि काफी तलाश और पुलिस में शिकायत के बावजूद लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला। लेकिन अब जब पुलिस द्वारा खुदाई में कंकाल बरामद हुआ है, तो परिजनों के आरोप और भी मजबूत हो गए हैं कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जमीन में दफना दिया गया था।
धर्मशिला ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सच्चाई सामने लाने का प्रयास कर रही है।
पत्नी धर्मशिला का बड़ा आरोप—“साजिश के तहत अपहरण कर की गई पति की हत्या”


