चंद्रशेखर ‘फरसा वाले बाबा’ को ट्रक से कुचलने का आरोप, गौ तस्करों की तलाश तेज
मथुरा।
ब्रज क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब विख्यात गौ रक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की कथित रूप से गौ तस्करों द्वारा हत्या कर दी गई। घटना कोसी कला थाना क्षेत्र के नबीपुर गांव के पास की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संत चंद्रशेखर बाबा गौ तस्करों का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि तस्करों ने उन्हें ट्रक से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक ट्रक सहित एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि ट्रक में सवार अन्य तीन तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
घटना से नाराज गौ रक्षकों और स्थानीय लोगों ने दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
इस घटना ने एक बार फिर गौ तस्करी और उससे जुड़े अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
मथुरा में गौ रक्षक संत की दर्दनाक हत्या, ब्रज में आक्रोश


