36.3 C
Lucknow
Tuesday, March 10, 2026

पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की, शव श्मशान भूमि में फेंका

Must read

बरेली| भुता थाना क्षेत्र के गांव रावलकलां में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 30 वर्षीय मंजू देवी की उसके पति भीमसेन ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने मंगलवार तड़के ही महिला के शव को गांव की श्मशान भूमि में ले जाकर फेंक दिया। सुबह जब ग्रामीण वहां से गुजरे तो शव देखकर हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी पति भीमसेन को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घटना के पीछे घरेलू विवाद और शक की बात सामने आ रही है।

ग्रामीणों के अनुसार भीमसेन की पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने पीलीभीत जिले की रहने वाली मंजू देवी से दूसरी शादी की थी। बताया जा रहा है कि भीमसेन को अपनी पत्नी पर शक था और उसे लगता था कि मंजू देवी के किसी युवक से संबंध हैं, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

इसी शक के चलते सोमवार रात विवाद बढ़ गया और आरोपी ने मंजू देवी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पिटाई इतनी गंभीर थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने सबूत छिपाने के इरादे से शव को गांव की श्मशान भूमि में ले जाकर फेंक दिया।

पुलिस के अनुसार मृतका के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि उसे बुरी तरह पीटा गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article