फतेहपुर
जनपद के विकास खंड धाता की ग्राम पंचायत शिहारी पट्टी में जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर जल’ संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। यहां ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम का आयोजन कर नई पेयजल योजना का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में खागा विधायक कृष्णा पासवान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी में योजना का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक कृष्णा पासवान ने दीप प्रज्वलन और विधिवत जल पूजन के साथ की। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता अनुराग गौतम ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। आयोजन के दौरान जल जीवन मिशन की टीम और स्थानीय अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
लोकार्पण के बाद विधायक ने पेयजल योजना का निरीक्षण किया और कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह महत्वाकांक्षी योजना ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ा बदलाव ला रही है। उन्होंने जल निगम और संबंधित विभागों की सराहना करते हुए अन्य लंबित परियोजनाओं को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंच सके।
ग्राम शिहारी पट्टी में पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। लोगों ने सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें दूर-दूर से पानी लाने की समस्या से राहत मिल गई है। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं, पंप ऑपरेटरों और स्वच्छता समिति के सदस्यों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को ‘जल शपथ’ दिलाई गई, जिसमें पानी की हर बूंद को बचाने और उसके सदुपयोग का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता अनुराग गौतम, सहायक अभियंता कैलाश चंद्र, अवर अभियंता विवेक कुमार, जिला समन्वयक राजमुनि यादव सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


