– मौरंग व्यापारी के अपहरण मामले में कार्रवाई, दो तमंचे, बाइक और 58 हजार रुपये बरामद
गोंडा। जिले के नवाबगंज क्षेत्र में मौरंग व्यापारी के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके तीन साथी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार नवाबगंज के उमरिया पावर हाउस के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें विकास और सौरभ दुबे नाम के दो आरोपियों को दबोच लिया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, एक बाइक और लूट के 58 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने एक मौरंग व्यापारी का अपहरण कर लिया था और उसे छोड़ने के बदले फिरौती की मांग की थी। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले ही दो लाख रुपये ले चुके थे और इसके बाद तीन लाख रुपये की और मांग कर रहे थे।
पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और सूचना मिलने पर उमरिया पावर हाउस के पास घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अपहरण कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार


