लखनऊ। राजधानी के सबसे व्यस्त हजरतगंज चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दारोगा ने सब-इंस्पेक्टर पर कार चढ़ाने की कोशिश कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक डायवर्जन के चलते हजरतगंज चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाई गई थी। इसी दौरान एक कार चालक से रास्ता बदलने को कहा गया। बताया जा रहा है कि यह कार दारोगा अमित जायसवाल चला रहे थे, जो वर्तमान में बाराबंकी पुलिस लाइन में तैनात हैं।
डायवर्जन को लेकर विवाद
मौके पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर ने दारोगा अमित जायसवाल को कार डायवर्ट करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि दारोगा ने आदेश मानने के बजाय बैरिकेडिंग पर ही कार चढ़ा दी और सब-इंस्पेक्टर को कुचलने की कोशिश की। गनीमत रही कि सब-इंस्पेक्टर बाल-बाल बच गए।
वीडियो वायरल, उच्च अधिकारियों ने लिया संज्ञान।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा। डीसीपी ट्रैफिक के आदेश पर आरोपी दारोगा अमित जायसवाल को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
कार से मिली शराब की बोतलें
पुलिस जांच में दारोगा की कार से शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया है। इस बिंदु पर भी अलग से जांच की जा रही है कि दारोगा शराब के नशे में तो नहीं थे।
पुलिस महकमे में सख्त संदेश
सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस घटना को बेहद गंभीर मानते हुए साफ संदेश दिया है कि अनुशासनहीनता और कानून के उल्लंघन पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुलिसकर्मी ही क्यों न हो।
फिलहाल आरोपी दारोगा के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और विभागीय जांच भी शुरू किए जाने की तैयारी है। घटना ने राजधानी की कानून-व्यवस्था और पुलिस अनुशासन पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।





