भारत-नेपाल बॉर्डर पर तस्कर गिरफ्तार, सोनौली से भारत में घुसते समय दबोचा
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने करीब 15 करोड़ रुपये कीमत का हाइड्रोपोनिक वीड (उच्च गुणवत्ता गांजा) बरामद किया है। मामला महराजगंज जनपद के अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का है।
अधिकारियों के अनुसार 17 किलो 590 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई सोनौली बॉर्डर पर की गई, जहां संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक युवक को रोका गया। पूछताछ में उसकी पहचान दिल्ली के दरियागंज निवासी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से हाई क्वालिटी हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुआ।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी थाईलैंड से हवाई मार्ग से नेपाल पहुंचा था। वहां से वह सोनौली सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि यह अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस और सीमा पर तैनात एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं। आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद गांजा ‘हाइड्रोपोनिक’ तकनीक से तैयार किया गया है, जो सामान्य गांजे की तुलना में अधिक महंगा और शक्तिशाली होता है।
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





