बहराइच। ट्रांस गेरुआ क्षेत्र के भरथावल गांव के पास कौड़ियाला नदी में हुए नाव हादसे को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन लापता आठ लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। शुक्रवार सुबह से ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने घाघरा बैराज तक लगभग पाँच किलोमीटर के दायरे में गहन सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।
नदी में हर 500 मीटर की दूरी पर अलग-अलग सर्च टीमों को मोटरबोट के साथ तैनात किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्र में लगातार खोज अभियान चला रही हैं। मौके पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं सुबह से घाघरा बैराज पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि बुधवार की देर शाम यात्रियों से भरी एक नाव अनियंत्रित होकर कौड़ियाला नदी में पलट गई थी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि 13 लोग तैरकर किसी तरह बाहर निकल आए थे। मासूम कोमल (5) पुत्री पंचम समेत आठ लोग अभी भी लापता हैं। गुरुवार से ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और एसएसबी की टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन तीसरे दिन भी सफलता हाथ नहीं लगी है।
स्थानीय ग्रामीणों में गहरी निराशा और चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने कहा है कि खोज अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सभी लापता व्यक्तियों का पता नहीं चल जाता।






