फर्रुखाबाद। ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ एकजुट होकर प्रदर्शन करेगा। संघ के जिलाध्यक्ष भूपेश पाठक, जिलामंत्री प्रवेश सिंह राठौर और जिला उपाध्यक्ष अर्रेंद्र यादव के नेतृत्व में यह ज्ञापन कार्यक्रम शनिवार को दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सिटी मजिस्ट्रेट प्रांगण में आयोजित किया जाएगा।
संघ ने शिक्षकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली के खिलाफ आवाज उठाएं। संघ का कहना है कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा शिक्षकों पर छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने का अनुचित दबाव बनाया जा रहा है, जिससे विद्यालयी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।कार्यक्रम के तहत शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपेगा। जिलाध्यक्ष भूपेश पाठक ने कहा कि यह आदेश अव्यवहारिक और शिक्षक हितों के विपरीत है, इसलिए इसे तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए।संघ ने इसे शिक्षा एवं शिक्षक हितों की रक्षा की लड़ाई बताते हुए सभी शिक्षकों से समय पर पहुंचने का क्रांतिकारी आवाहन किया है।




