कानपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष माहौल में संपन्न होंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चुनाव में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है और भारत निर्वाचन आयोग हर हाल में मतदाताओं का विश्वास बनाए रखेगा।ज्ञानेश कुमार रविवार को कानपुर स्थित टीएसएच में आयोजित माथुर वैश्य समाज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आयोग का लक्ष्य है कि इस बार का बिहार चुनाव देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए लोकतंत्र की मिसाल बने।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि सात करोड़ से अधिक मतदाताओं की सूची का शुद्धिकरण कार्य पूरा कर लिया गया है, ताकि किसी भी फर्जी नाम को हटाया जा सके और कोई पात्र मतदाता सूची से छूटे नहीं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने इस बार मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और सुविधा दोनों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।ज्ञानेश कुमार ने यह भी बताया कि आयोग ने दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष प्रबंध किए हैं ताकि वे आसानी से मतदान कर सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा, और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनता और राजनीतिक दलों के सहयोग से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 एक आदर्श और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया के रूप में याद किया जाएगा।






