सहेली के साथ ग्वालियर जाने की बात आई सामने
फर्रुखाबाद। थाना कमालगंज क्षेत्र से लापता हुई छात्रा के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सहेली के साथ ग्वालियर गई छात्रा योजना राजपूत बुधवार को स्वयं थाना कमालगंज पहुंची, जिसके बाद पूरे मामले से जुड़ी तस्वीर साफ हो गई। पुलिस के अनुसार छात्रा पूरी तरह सुरक्षित है और उसने अपनी इच्छा से घर से बाहर जाने की बात स्वीकार की है।
गौरतलब है कि थाना कमालगंज के ग्राम बहादुरपुर निवासी राहुल पुत्र रामनरेश ने 18 दिसंबर 2025 को अपनी बहन योजना राजपूत (उम्र करीब 21 वर्ष) की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। राहुल ने पुलिस को बताया था कि उसकी बहन 17 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे रामकृष्ण महाविद्यालय रानूखेड़ा जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद छात्रा का सुराग नहीं लग सका था।
मामले की जांच उपनिरीक्षक भूकेन्द्र सिंह द्वारा की जा रही थी। इसी बीच बुधवार को गुमशुदा छात्रा स्वयं थाना कमालगंज पहुंच गई। पुलिस पूछताछ में छात्रा ने बताया कि वह 17 दिसंबर को कॉलेज गई थी, जहां से वह अपनी सहेली के साथ अपनी इच्छा से ग्वालियर चली गई थी। छात्रा ने किसी भी प्रकार के दबाव या अनहोनी से इनकार करते हुए स्वेच्छा से अपना बयान दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार छात्रा ने स्पष्ट किया कि वह अब अपने माता-पिता के साथ ही रहना चाहती है। थाना पहुंचने की सूचना मिलते ही गुमशुदा की माता, भाई, चाचा सहित अन्य परिजन भी थाने पहुंचे। इस दौरान बेटी को सुरक्षित देखकर भावुक हुई मां उसे समझाते और गले लगाते समय अचानक बेहोश हो गईं, जिन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता के लिए सीएचसी कमालगंज भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।
पुलिस अधीक्षक के प्रवक्ता ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि गुमशुदा छात्रा को थाना कमालगंज से सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकरण को लेकर समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया पर जो खबरें प्रसारित की जा रही थीं, वे भ्रामक और तथ्यहीन हैं।





