– कर्मचारियों से मारपीट, अपहरण की साजिश और जान से मारने की धमकी का आरोप
फर्रुखाबाद। भूमाफियाओ के उत्पीड़न का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है।नॉएडा निवासी राजीव भल्ला ने पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर दबंग प्रवृत्ति के कई आरोपियों पर अवैध कब्जे की कोशिश, मारपीट, अपहरण की साजिश और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित राजीव भल्ला, पुत्र स्वर्गीय योगेश कुमार भल्ला, ने बताया कि दुष्यंत प्रताप सिंह, रवि प्रताप सिंह, संजय प्रताप सिंह, अंकुर श्रीवास्तव एवं अज़ाक सहित लगभग 15 अज्ञात लोग उन्हें और उनकी 86 वर्षीय वृद्ध माता को लगातार धमका रहे हैं। आरोप है कि उक्त लोग फर्रुखाबाद स्थित उनके एक पैतृक भूखंड पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों द्वारा पूर्व में उनके पिता को भी धमकाया गया था कि यदि परिवार शहर में आया तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। इतना ही नहीं, साजिश के तहत परिवार के सदस्यों और कर्मचारियों पर झूठे मुकदमे भी दर्ज कराए गए, जिससे मानसिक तनाव के चलते उनके पिता बीमार हो गए और बाद में उनका निधन हो गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2013 में भूमि विक्रय का एक समझौता हुआ था, जो भुगतान न होने के कारण समाप्त हो गया। इसके बाद 15 जुलाई 2024 को दोबारा समझौता किया गया, लेकिन आरोपियों ने शर्तों का पालन नहीं किया, जिससे वह भी निरस्त हो गया। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा लगातार दबाव और धमकियां दी जा रही हैं।
घटना का उल्लेख करते हुए पीड़ित ने बताया कि 26 मार्च 2026 को वह फर्रुखाबाद आए थे। उनकी मौजूदगी की जानकारी मिलने पर आरोपियों ने उनके कर्मचारियों—अमित दीक्षित, आनंद दीक्षित और नीरज यादव—को रेलवे रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने 12-15 लोगों के साथ मिलकर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार किया।
आरोप है कि आरोपियों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर दबाव डाला कि वे राजीव भल्ला को मौके पर बुलाएं और कहा कि उनके आने पर ही उन्हें छोड़ा जाएगा। इसे पीड़ित ने अपहरण की साजिश बताया है।
पीड़ित का कहना है कि जब भी उन्होंने आरोपियों की अवैध मांगों का विरोध किया, उन्हें और उनकी वृद्ध माता को जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि वह जांच में पूरा सहयोग देने को तैयार हैं।
जमीन विवाद बना जान का खतरा, एसपी से लगाई गुहार


