22 राज्यों के 46 शहरों में 62 रेस्टोरेंट पर छापेमारी, 408 करोड़ की बिक्री छुपाने का मामला
नई दिल्ली। देशभर में टैक्स चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जांच एजेंसियों ने 22 राज्यों के 46 शहरों में 62 रेस्टोरेंट और होटलों पर छापेमारी कर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि इन प्रतिष्ठानों ने करीब 408 करोड़ रुपये की बिक्री छुपाई थी।
अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से बड़े स्तर पर डेटा का विश्लेषण किया गया। करीब 1.77 लाख रेस्टोरेंट के डेटा की जांच के बाद संदिग्ध प्रतिष्ठानों की पहचान की गई, जिसके आधार पर यह छापेमारी की गई।
जांच के दौरान कई रेस्टोरेंट और होटलों में बिल डिलीट करने और वास्तविक बिक्री छिपाने के मामले भी सामने आए। बताया गया कि कुछ प्रतिष्ठान जानबूझकर बिक्री के रिकॉर्ड मिटाकर टैक्स से बचने की कोशिश कर रहे थे।
सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए 63 हजार रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी कर 31 मार्च तक सही टैक्स रिटर्न दाखिल करने का निर्देश दिया है। यदि निर्धारित समय सीमा तक सही विवरण प्रस्तुत नहीं किया गया तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
बॉक्स
AI से पकड़ी गई टैक्स चोरी
जांच एजेंसियों ने पहली बार बड़े पैमाने पर AI आधारित डेटा विश्लेषण का उपयोग कर रेस्टोरेंट और होटलों के लेन-देन की जांच की। इसी तकनीक की मदद से बिक्री और टैक्स रिटर्न में बड़े अंतर का पता चला, जिसके बाद छापेमारी की कार्रवाई की गई।
करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा


