32 C
Lucknow
Tuesday, March 10, 2026

कर्ज और पारिवारिक विवाद में पोते ने बाबा की कुल्हाड़ी से की हत्या

Must read

रामपुर धमावां गांव, सैनी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां युवक ने अपने ही बाबा की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बाबूलाल (65) के रूप में हुई है। घटना के समय उनके साथ 12 वर्षीय पोती अंकिता भी मौजूद थी, जिसने पूरी वारदात देखी और रोते-बिलखते घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी पोता नितिन करीब एक वर्ष पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए इंदौर, मध्य प्रदेश गया था। इस दौरान वह नशे का आदी हो गया और उस पर करीब 14 लाख रुपये का कर्ज हो गया। परिजनों के अनुसार वह लगातार बाबा पर जमीन बेचकर पैसे देने का दबाव बना रहा था, लेकिन बाबूलाल इसके लिए तैयार नहीं थे।

परिवार के मुताबिक नितिन का पड़ोस की एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और करीब पांच महीने पहले उसने घरवालों की मर्जी के बिना उससे शादी कर ली थी। कर्ज और पारिवारिक तनाव के कारण वह लगातार परेशान रहता था। इसी बीच शनिवार को जब बाबूलाल खेत में चारा काटने गए थे, तब नितिन ने उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संतोष कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सिराथू ने बताया कि पोती अंकिता के बयान और पत्नी गुलजार देवी की तहरीर के आधार पर आरोपी पोते के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article