रायबरेली
लालगंज स्थित चंद्रशेखर मेमोरियल पब्लिक इंटर कॉलेज के सभागार में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज सेवा और संगठन के सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भामाशाह व्यापारियों को सम्मानित किया गया।
यह आयोजन उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी विवेक शर्मा, जिला अध्यक्ष रोहित सोनी और संरक्षक दीप प्रकाश शुक्ला के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी समाज की रीढ़ होते हैं, जिन्होंने न केवल व्यापार को आगे बढ़ाया बल्कि संकट के समय, विशेषकर कोरोना काल में जरूरतमंदों की मदद कर समाज सेवा में भी अहम योगदान दिया।
इस अवसर पर व्यापारियों को अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही संगठन के पदाधिकारियों ने डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने और ग्राहकों के साथ अच्छा व्यवहार बनाए रखने की अपील की।
सम्मान पाकर व्यापारियों ने खुशी जताई और भविष्य में भी सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में लगभग एक सौ से अधिक व्यापारियों को सम्मानित किया गया, जिससे पूरे समारोह में उत्साह और सम्मान का माहौल देखने को मिला।


