नई दिल्ली| गोवा के अरपोरा में स्थित चर्चित नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में शनिवार रात हुए भीषण हादसे के मामले में नया मोड़ आया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है और छह लोग घायल हैं।घटना के बाद क्लब के मैनेजर भारत को गोवा पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार भारत हादसे के बाद गोवा से भागकर अपने घर दिल्ली पहुंच गया था। गोवा पुलिस की सूचना पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रविवार रात उसे अरेस्ट किया।
नाइट क्लब का मालिक सौरभ लूथरा अभी तक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, गोवा में अरपोरा का यह नाइट क्लब राजधानी पणजी से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित है। हादसे के समय क्लब में करीब 100 लोग मौजूद थे, लेकिन रात लगभग एक बजे होने के कारण लोग धीरे-धीरे क्लब में इकट्ठा हो रहे थे।पुलिस ने बताया कि घटना की जांच जारी है और आरोपी मालिक सौरभ लूथरा की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमों को अलर्ट किया गया है। स्थानीय प्रशासन और आपात सेवा कर्मी घायल लोगों का इलाज कर रहे हैं।इस घटना ने पूरे राज्य में सुरक्षा मानकों और नाइट क्लब संचालन नियमों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





