गोमती तट का ग्रीन कॉरिडोर अब IIM चौराहा तक होगा विस्तारित,

0
30

नैमिष नगर को मिलेगा सीधा लाभ—दो लाख से अधिक लोग होंगे फायदे में

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गोमती नदी तट पर बन रहे 28 किलोमीटर लंबे ग्रीन कॉरिडोर को अब और विस्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। एलडीए ने इस कॉरिडोर को बसंतकुंज योजना से आगे बढ़ाकर सीधे आईआईएम चौराहा तक जोड़ने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। पांच दिसंबर को होने वाली एलडीए बोर्ड बैठक में इस महत्वपूर्ण परियोजना पर अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है। इस विस्तार के बाद एलडीए की नई आवासीय योजना नैमिष नगर भी सीधे इस कॉरिडोर से जुड़ जाएगी, जिससे करीब दो लाख से अधिक लोगों को आवागमन में बड़ा लाभ मिलेगा।

एलडीए सीतापुर रोड पर 1804 एकड़ में नैमिष नगर विकसित कर रहा है। इसमें भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी और दुग्गौर समेत 18 गांवों की भूमि शामिल है। नई योजना तक पहुंच सहज बनाने के लिए 24 मीटर चौड़ी लिंक रोड का प्रस्ताव पहले ही स्वीकृत हो चुका है, जो सीधे आईआईएम चौराहे से जुड़ रहा है। इसी कारण ग्रीन कॉरिडोर को भी अब उसी दिशा में बढ़ाने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है।

वर्तमान में बसंतकुंज से किसान पथ तक ग्रीन कॉरिडोर की लंबाई लगभग 20 किलोमीटर है। इसे आईआईएम चौराहे से जोड़ने के लिए 2.50 किलोमीटर का नया विस्तार किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और संबंधित प्रस्ताव बोर्ड बैठक के लिए भेज दिया गया है।

कॉरिडोर के विस्तार से वसंतकुंज, दुबग्गा, पक्का पुल, डालीगंज, मेडिकल कॉलेज, लखनऊ विश्वविद्यालय, हनुमान सेतु, कैसरबाग, हजरतगंज, निशातगंज, अशोक मार्ग, समतामूलक चौक, गोमतीनगर, 1090 चौराहा, शहीद पथ व इकाना स्टेडियम जैसे क्षेत्रों से किसान पथ तक पहुंचना और अधिक सुगम हो जाएगा। इससे यात्रा समय में करीब आधे घंटे की कमी आएगी।

ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण चार चरणों में किया जा रहा है—
फेज-1: आईआईएम रोड से पक्का पुल तक (7 किमी) — कार्य पूर्ण, ट्रैफिक चालू
फेज-2: पक्का पुल से पिपराघाट तक (9 किमी) — निर्माण प्रगति पर
फेज-3: पिपराघाट से शहीद पथ तक (6 किमी)
फेज-4: शहीद पथ से किसान पथ तक (6 किमी)

इसमें पहला फेज पूरा हो चुका है और उस पर आवागमन शुरू कर दिया गया है।

ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर एके सेंगर ने बताया कि विस्तार प्रस्तावित है और इसके जुड़ने से नैमिष नगर के लाखों लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर के यातायात को नई दिशा देगी और गोमती तट के विकास को और गति मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here