कासगंज। देश की सेवा का सपना देखने वाले खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी और सुनहरी खबर सामने आई है। भारतीय वायु सेना द्वारा अग्निपथ योजना के अंतर्गत “अग्निवीर वायु (खेल)” पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सेना में शामिल होने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इससे न केवल खिलाड़ियों को अपने करियर को नई दिशा देने का मौका मिलेगा, बल्कि वे देश की सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभा सकेंगे।
जिला क्रीड़ा विभाग के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार, कुल 26 खेल विधाओं के खिलाड़ियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। इनमें एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बॉक्सिंग, तैराकी, वेटलिफ्टिंग, लॉन टेनिस, जिम्नास्टिक सहित कई अन्य प्रमुख खेल शामिल हैं। उपनिदेशक खेल एसएस मिश्रा द्वारा इस संबंध में जिला खेल कार्यालय को निर्देश जारी किए गए हैं कि अधिक से अधिक खिलाड़ियों तक यह सूचना पहुंचाई जाए, ताकि योग्य अभ्यर्थी इस अवसर का लाभ उठा सकें।
भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, जिसमें इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय वायु सेना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 29 मार्च 2026 तक पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का जन्म 2 जुलाई 2005 से 2 जनवरी 2009 के बीच होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी का अविवाहित पुरुष होना भी जरूरी शर्तों में शामिल किया गया है।
उप क्रीड़ा अधिकारी हरफूल सिंह ने बताया कि यह योजना खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन मंच है, जहां वे अपने खेल कौशल के साथ-साथ देश सेवा का अवसर भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस पहल से जिले और प्रदेश के खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में युवा इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए तैयारियां कर रहे हैं।


