सोशल मीडिया पर सीएम योगी को धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार

0
61

– वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
– सऊदी अरब में काम कर रहा अकबर अली बोला – “देख लूंगा योगी”, हिंदूवादी संगठन के पूर्व पदाधिकारी ने दी तहरीर, पुलिस ने दर्ज किया केस

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सोशल मीडिया पर धमकी देने का मामला सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह धमकी सऊदी अरब में काम कर रहे युवक अकबर अली ने दी है। युवक का धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो में आरोपी अकबर अली सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक और धमकी भरे शब्दों का प्रयोग करता दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक हिंदूवादी संगठन के पूर्व पदाधिकारी ने गुलहरिया थाना पुलिस को तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान गुलहरिया थाना क्षेत्र के काशीपुर टोला निवासी अकबर अली के रूप में हुई है, जो फिलहाल सऊदी अरब में नौकरी कर रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच शुरू कर दी गई है और उसके वीडियो के स्रोत, अपलोड स्थान और नेटवर्क कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। साइबर सेल को मामले में शामिल किया गया है।
एसपी सिटी ने बताया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ धमकी जैसी हरकत गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है, और आरोपी जहां भी होगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने आरोपी के परिवारजनों से भी पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि अकबर अली कुछ वर्ष पहले सऊदी अरब कमाने गया था और वहीं से उसने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला।
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद आक्रोश का माहौल है। कई सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति देश के संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के प्रति इस तरह की भाषा का प्रयोग न करे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here