बिजनौर। जनपद में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक को आर्थिक मदद का लालच देकर हिंदू समाज से जुड़े धार्मिक शब्द लिखी गाड़ियों में आग लगाने और उसका वीडियो बनाकर भेजने के लिए उकसाया गया था। पुलिस ने मामले में किरतपुर निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार किरतपुर कस्बे के मोहल्ला अफगानान निवासी अबुजर उर्फ राईन पुत्र शमीम अहमद को बुधवार रात गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि उसने चार मार्च की रात करीब 10:15 बजे किरतपुर के झंडा चौक पर खड़ी एक पिकअप गाड़ी, जिस पर हिंदू देवी-देवताओं से जुड़े धार्मिक शब्द लिखे थे, पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। इसके बाद उसने घटना का वीडियो बनाया और उसे टेलीग्राम के माध्यम से अपने रिश्तेदार को भेज दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले हरियाणा के गुरुग्राम में एक सैलून की दुकान पर काम करता था, लेकिन करीब छह महीने पहले वह अपने घर लौट आया था। इस दौरान वह बीमार रहने लगा और आर्थिक तंगी में फंस गया। इलाज के लिए पैसों की जरूरत पड़ने पर उसने अपने मौसेरे भाई जैद पुत्र रहीस, निवासी मोहल्ला लुकमानपुरा, किरतपुर से मदद मांगी। जैद वर्तमान में मुंबई के पनवेल में सैलून की दुकान चलाता है।
जैद ने अबुजर का संपर्क टेलीग्राम के माध्यम से अबूबकर नाम के एक व्यक्ति से कराया। आरोप है कि अबूबकर ने उसे हिंदू समाज से जुड़े वाहनों को निशाना बनाकर आग लगाने और उसकी वीडियो बनाकर भेजने के लिए उकसाया। बदले में उसे आर्थिक मदद देने का लालच दिया गया।
अबूबकर के उकसावे में आकर अबुजर ने झंडा चौक के पास खड़ी धार्मिक शब्द लिखी पिकअप गाड़ी को चुना और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना का वीडियो बनाकर उसने टेलीग्राम पर जैद को भेज दिया।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की पहचान हो गई। इसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि आरोपी का कहना है कि उसे अभी तक इस काम के बदले कोई पैसा नहीं मिला था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच तेज कर दी गई है। इस साजिश के पीछे कौन लोग शामिल हैं और उनका मकसद क्या था, इसका पता लगाया जा रहा है। मुंबई में मौजूद जैद और अबूबकर की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम मुंबई रवाना कर दी गई है।
एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि आरोपी अबुजर को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुंबई में रहने वाले व्यक्ति के उकसावे और लालच में आकर उसने गाड़ी में आग लगाई थी। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस का मानना है कि यह घटना सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है। ऐसे में स्थानीय पुलिस के साथ अन्य एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की साजिश का खुलासा, गाड़ी में आग लगाने वाला युवक गिरफ्तार


