फर्रुखाबाद| बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय बाइक सवार युवक अमन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना कमालगंज क्षेत्र के पास उस समय हुई जब एक अज्ञात वाहन ने अमन की बाइक को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी।अमन कुमार, जो थाना कमालगंज के मोहल्ला लोहिया नगर निवासी सर्वेश कुमार का पुत्र है, टक्कर लगने के बाद बाइक से गिर पड़ा और उसे सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को बुलाया, जिसके बाद घायल अमन को फर्रुखाबाद के विकासखंड बरहापुर क्षेत्र स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. एन. हुडा ने अमन को तत्काल भर्ती कर प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया।
अमन के भाई प्रशांत ने बताया कि कमालगंज के पास एक अज्ञात वाहन ने उनके भाई की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी थी, जिसके बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी वाहन चालक का पता लगाने की मांग की है।





