31 C
Lucknow
Thursday, March 26, 2026

घर के बाहर सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या

Must read

फर्रुखाबाद| मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गैसिंग पुर में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां घर के बाहर चारपाई पर सो रहे एक युवक की अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय लखन वाथम पुत्र रामनिवास निवासी ग्राम गैसिंग पुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लखन रोज की तरह अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था, जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर कमरे में सो रहे थे। देर रात किसी समय अज्ञात हमलावर ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह करीब साढ़े पांच बजे लखन की बहन आरती उसे जगाने के लिए बाहर आई। जैसे ही उसने रजाई हटाई, वह अपने भाई को खून से लथपथ हालत में देखकर चीख पड़ी। उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। पास जाकर देखने पर युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा तथा अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने में जुट गए। घटनास्थल के पास से एक गमछा और चप्पल भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस हमलावर से जुड़ा महत्वपूर्ण सुराग मानकर जांच कर रही है।
मृतक लखन चार भाइयों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article