फर्रुखाबाद (फतेहगढ़): उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष आचार्य श्याम बिहारी गुप्ता का आज भाजपा नेता शैलेंद्र गुप्ता के फतेहगढ़ स्थित आवास पर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।
इस अवसर पर आचार्य श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गौ पालन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका किसानों को अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि गौ आधारित कृषि और जैविक खेती ही भविष्य की टिकाऊ खेती का आधार है।
उन्होंने कुइयां धीर गांव में हिमांशु गंगवार और सुधांशु गंगवार द्वारा किए जा रहे जैविक खेती के कार्यों की सराहना करते हुए किसानों से अपील की कि वे ऐसे नवाचारों से प्रेरणा लें और अपनी खेती को रसायन मुक्त बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान आलू किसानों के हितों को लेकर भी महत्वपूर्ण पहल की गई। गौशालाओं में आलू को चारे के रूप में उपयोग करने को बढ़ावा देने हेतु एक पत्र आचार्य को सौंपा गया, जिससे किसानों को फसल के बेहतर उपयोग और अतिरिक्त आय का मार्ग मिल सके।
इस मौके पर आलू विकास विपणन सहकारी संघ के सभापति विमल कटियार, निदेशक अशोक कटियार, पूर्व चेयरमैन विजय गुप्ता, सुशील गुप्ता, प्रभाकर राजपूत, चेतन गुप्ता, अग्निवीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा नेता शैलेंद्र गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि क्षेत्र में गौ संरक्षण और किसान हित के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।


