फर्रुखाबाद। जनपद के कमालगंज कोतवाली क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलिंडर लेने के लिए लोगों में होड़ मची हुई है। शनिवार को कस्बा कमालगंज के रामलीला मैदान के निकट स्थित मधु गैस एजेंसी पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर लेने के लिए पहुंचने लगे, जिससे एजेंसी के बाहर भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी जताई और एजेंसी कर्मचारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब आठ बजे से ही लोग गैस सिलिंडर प्राप्त करने के लिए एजेंसी पर पहुंचने लगे थे। कर्मचारी उपभोक्ताओं की बुकिंग करने और पर्ची काटने में लगे रहे, लेकिन कुछ ही समय में एजेंसी के बाहर बड़ी भीड़ एकत्र हो गई। लोगों की भीड़ के कारण वहां अव्यवस्था का माहौल बन गया।
इसी दौरान जिले में आयोजित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के निरीक्षण के लिए श्री फिरोज गांधी जनता इंटर कॉलेज पहुंचे जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गैस एजेंसी के बाहर लगी भीड़ को देखा। अधिकारियों ने तुरंत एजेंसी कर्मचारियों से पूछताछ की और व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने एजेंसी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था के बारे में जागरूक किया जाए और बुकिंग होने के बाद गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, ताकि एजेंसी पर भीड़ न लगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में आने की जरूरत नहीं है।
डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने एजेंसी पर मौजूद लोगों से भी अपील की कि वे भय, भ्रम और बहकावे में न आएं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग करने के 48 घंटे के भीतर सिलिंडर की आपूर्ति कर दी जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दूसरी बुकिंग 25 दिन बाद ही कराई जाए और अनावश्यक रूप से एजेंसी के बाहर भीड़ न लगाई जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस की आपूर्ति सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों ने एजेंसी प्रबंधन को निर्देश दिए कि वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाए, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गैस एजेंसी पर लगी भीड़ देख डीएम-एसपी नाराज, बोले—जिले में गैस की कमी नहीं, अफवाहों पर न दें ध्यान


