कानपुर के घाटमपुर कस्बे में गैस किल्लत को लेकर फैली अफवाहों के बीच स्थिति सामान्य बनी हुई है। यहां इंडेन गैस की दोनों प्रमुख एजेंसियों पर सिलिंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और प्रतिदिन की तरह लोडिंग का कार्य भी जारी है। हालांकि ऑनलाइन बुकिंग के दौरान सर्वर डाउन होने की तकनीकी समस्या के कारण उपभोक्ताओं को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की कमी जैसी कोई स्थिति नहीं है। कोरिया निवासी कृष्ण बिहारी ने बताया कि सर्वर समस्या के कारण बुकिंग में थोड़ी दिक्कत आई, लेकिन एक-दो बार प्रयास करने के बाद बुकिंग सफल हो गई। इसके बाद जब वे एजेंसी पहुंचे तो उन्हें मात्र पांच मिनट के भीतर ही भरा हुआ सिलिंडर मिल गया। इसी तरह कस्बे के शिवकुमार ने भी बताया कि एजेंसी पर भीड़ जैसी कोई स्थिति नहीं थी और कुछ ही लोग वहां मौजूद थे।
इस मामले में माधव विजय इंडेन गैस एजेंसी के संचालक विजय मिश्र ने बताया कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अफवाहों के कारण लोग अनावश्यक घबराहट में आ रहे हैं। सर्वर की समस्या अस्थायी है और थोड़े प्रयास के बाद ऑनलाइन बुकिंग हो जा रही है। एजेंसी पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को तुरंत सिलिंडर दिया जा रहा है।
हालांकि कस्बे में घरेलू उपभोक्ताओं को राहत है, लेकिन शादी-विवाह वाले घरों में कुछ परेशानी देखी जा रही है। मांगलिक कार्यक्रमों के कारण गैस सिलिंडरों की खपत बढ़ गई है, जिससे कई परिवारों को समय पर सिलिंडर बुक कराने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में कुछ लोग रिश्तेदारों और परिचितों से सिलिंडर उधार लेकर काम चला रहे हैं।
श्रेया गेस्ट हाउस के संचालक ने बताया कि शादियों का सीजन होने के कारण सिलिंडरों की मांग ज्यादा हो गई है। सर्वर की समस्या के कारण यदि समय पर बुकिंग नहीं हो पाती तो कार्यक्रमों की तैयारियों में परेशानी हो जाती है। प्रशासन और गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही सिलिंडर बुक कराएं।


