28 C
Lucknow
Sunday, April 12, 2026

प्राइवेट अस्पताल में गैस रिसाव से मची भगदड़, मरीजों की हालत बिगड़ी — तीमारदारों का हंगामा, स्टाफ से मारपीट

Must read

अस्पताल के बाहर निकाले गए मरीज, अधिकारी जांच में जुटे

फर्रुखाबाद के थाना कादरी गेट क्षेत्र में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मशीनी चौराहा स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल में अचानक गैस का रिसाव हो गया। देखते ही देखते अस्पताल के भीतर भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों में अफरातफरी फैल गई और भगदड़ जैसे हालात बन गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर स्थित वार्ड नंबर 19 में हुई, जहां अचानक गैस फैलने लगी। गैस की तेज गंध के कारण मरीजों की तबीयत बिगड़ने लगी और लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि इसी वार्ड में थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी ममता पत्नी मुन्ना राठौर भर्ती थीं, जिन्होंने तीन दिन पहले एक पुत्र और एक पुत्री को जन्म दिया था। गैस रिसाव के चलते उनकी हालत भी बिगड़ गई, जिससे परिजनों में और ज्यादा दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए। नगर क्षेत्राधिकारी अभय वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए। वहीं दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।

इसी बीच गुस्साए तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ लोगों ने अस्पताल के स्टाफ के साथ मारपीट भी कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह हालात को शांत कराया और मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

अस्पताल के संचालक डॉक्टर कमलेश शर्मा और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पूनम शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन तीमारदारों का आरोप है कि अस्पताल में सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भारी कमी है।

इस मामले में सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि अस्पताल कर्मियों के साथ मारपीट की सूचना मिली है। यदि इस संबंध में कोई तहरीर दी जाती है, तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और निजी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और भी भयावह रूप ले सकती हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article