बाराबंकी जिले में रसोई गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमत और आपूर्ति की कमी के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। गैस सिलिंडर लेने के लिए लोगों को सुबह तड़के ही गैस एजेंसियों पर पहुंचकर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
स्थानीय निवासी सुभाष चंद्र गुप्ता ने बताया कि वह सुबह करीब सात बजे से लाइन में लगे हैं, लेकिन दोपहर 12:30 बजे तक भी उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल सका। उपभोक्ताओं का आरोप है कि लाइन में लगे लोगों को पर्चियां दी जा रही हैं, लेकिन तय मानकों का पालन नहीं हो रहा है और कुछ लोगों को सीधे पर्चियां देकर सिलिंडर दे दिया जा रहा है। ओमकार और देशराज ने बताया कि वे सुबह नौ बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अब तक उन्हें गैस नहीं मिल सकी।
उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि कुछ लोग प्रति व्यक्ति 50 रुपये लेकर अंदर जाकर पर्चियों पर नंबर लगवा देते हैं और आसानी से सिलिंडर ले जाते हैं, जबकि आम लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। शबनम और हाशमी नूर ने भी बताया कि वे सुबह से लाइन में खड़ी हैं, लेकिन अभी तक गैस नहीं मिल पाई। शबनम, जो घर-घर जाकर प्रपत्र बांटने का काम करती हैं, ने बताया कि वह सुबह छह बजे से लाइन में लगी हैं।
वहीं अंतरराष्ट्रीय हालात और आपूर्ति की कमी का असर जिले में भी देखने को मिल रहा है। शहर के कई होटलों और चाय की दुकानों पर गैस सिलिंडर की कमी हो गई है, जिससे दुकानदारों को भट्ठियों पर खाना बनाकर काम चलाना पड़ रहा है। जैदपुर कस्बे में भी दूसरे दिन सिलिंडर लेने के लिए सुबह चार बजे से ही लोगों की लंबी लाइन लग गई। जिन उपभोक्ताओं की पहले से पर्ची कटी थी उन्हें पहले सिलिंडर दिए गए, जबकि नई पर्ची कटवाने के लिए करीब 400 लोगों की लंबी कतार लगी रही। वहीं उपभोक्ताओं को ओटीपी न आने की समस्या भी झेलनी पड़ रही है, जिससे गैस बुकिंग में और देरी हो रही है।


