24 C
Lucknow
Saturday, March 28, 2026

गैस संकट से हाहाकार, सिलेंडर पहुंचते ही उमड़ी भीड़, पुलिस की मौजूदगी में हुआ वितरण

Must read

 

अमेठी
जनपद में गैस सिलेंडर की किल्लत ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तीन दिनों तक आपूर्ति बाधित रहने के बाद जब इंडेन गैस एजेंसी पर सिलेंडर पहुंचे, तो सैकड़ों उपभोक्ताओं की भीड़ एकत्र हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, अमेठी में पिछले कई दिनों से घरेलू गैस की कमी बनी हुई है। कुछ एजेंसियों पर सीमित संख्या में सिलेंडर उपलब्ध हो रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर लोगों को कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। विशेष रूप से अमेठी कस्बे की इंडेन गैस एजेंसी पर तीन दिनों से गैस की आपूर्ति नहीं हुई थी, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।

गैस की कमी के चलते लोग रात से ही एजेंसी के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो रहे थे, ताकि सिलेंडर मिल सके। शुक्रवार को जब तीन दिन बाद सिलेंडर से भरी गाड़ी एजेंसी पर पहुंची, तो बड़ी संख्या में लोग अचानक वहां इकट्ठा हो गए और सिलेंडर लेने के लिए अफरा-तफरी मच गई।

भीड़ अनियंत्रित होते देख एजेंसी संचालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। इसके बाद पुलिस की निगरानी में लाइन लगवाकर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर का वितरण शुरू किया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस की नियमित आपूर्ति न होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article