लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मौसम में इन दिनों सुबह से शाम तक अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां सुबह और देर शाम हल्की ठंड का एहसास हो रहा है, वहीं दोपहर की तेज धूप अब चुभने लगी है। फरवरी माह के दूसरे सप्ताह में ही तापमान में बढ़ोतरी ने लोगों को अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है।
बुधवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाराणसी में पारा 29.6 डिग्री और प्रयागराज में 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 2.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्शाता है।
दोपहर की तेज धूप के कारण बाजारों और सड़कों पर लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है। कई लोगों का कहना है कि इस बार फरवरी में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस हो रही है। रात के तापमान में भी गिरावट कम हो रही है, जिसके चलते कुछ लोगों ने पंखा चलाकर सोना शुरू कर दिया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार पछुआ हवा के कमजोर पड़ने और आसमान साफ रहने से दिन के तापमान में आगे और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि रात के तापमान में अभी बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन-चार दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी जारी रह सकती है।
मौसम के इस बदलाव ने साफ संकेत दे दिए हैं कि सर्दी की पकड़ अब ढीली पड़ रही है और गर्मी की दस्तक तेज होती जा रही है।





