औरैया। दिबियापुर कस्बे में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में मां और उसके पांच वर्षीय बेटे की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब दोनों अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी फफूंद मौके पर पहुंची और दोनों शवों को रेलवे ट्रैक से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, कस्बा के मोहल्ला संत रविदास नगर निवासी अनिल की पत्नी पूजा (28) अपने पांच वर्षीय बेटे दीपक के साथ बुधवार रात करीब आठ बजे फफूंद रेलवे स्टेशन के पास स्थित पति की फल की दुकान पर खाना देने गई थी। वहीं ससुर व ननद से बेटे के इलाज के लिए पांच रुपये मांगे। रुपये मिलने के बाद पूजा बेटे को लेकर डॉक्टर के पास चली गई। बताया जा रहा है कि डॉक्टर के यहां से रात करीब साढ़े 11 बजे लौटते समय वह रेलवे फुटओवर ब्रिज से न जाकर गली से होते हुए ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन पार कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही पति अनिल मौके पर पहुंच गया और पत्नी व बेटे के शव को सीने से लगाकर फूट-फूटकर रोने लगा। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। मृतका के पिता रामस्नेही ने बताया कि पूजा ने अनिल से प्रेम विवाह किया था और तीन माह पहले ही घर लौटी थी। पांच वर्षीय दीपक उसके पहले पति से था। पूजा का मायका कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के गांव सिठमरा में है।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पूजा बेटे को लेकर घर से निकल गई और रेलवे ट्रैक की ओर चली गई। वहीं जीआरपी फफूंद प्रभारी सोहिल राज ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।






