37.6 C
Lucknow
Thursday, March 12, 2026

गैस एजेंसियों के आईवीआरएस नंबर बंद होने से उपभोक्ता परेशान

Must read

फर्रुखाबाद। जिले में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच गैस एजेंसियों के आईवीआरएस (इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम) नंबर बंद रहने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि बार-बार फोन लगाने के बावजूद गैस सिलिंडर की बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिसके कारण उन्हें गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़े।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीती शाम जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गैस एजेंसी संचालकों और पेट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों के विक्रय प्रबंधकों ने अधिकारियों को बताया कि जिले में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की किसी प्रकार की कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि एजेंसियां सुबह समय से खोली जाएं और उपभोक्ताओं की बुकिंग समय पर की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि बुकिंग के एक या दो दिन के भीतर उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध करा दिया जाए, ताकि किसी को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
इधर, गैस एजेंसियों के आईवीआरएस नंबर काम न करने से उपभोक्ताओं की दिक्कत और बढ़ गई। कई लोगों ने बताया कि जब उन्होंने बुकिंग के लिए फोन किया तो कभी नंबर गलत बताया गया, कभी स्विच ऑफ मिला तो कई बार कॉल अपने आप कट गई। इस वजह से लोगों को गैस एजेंसी जाकर सीधे संपर्क करना पड़ा।
एक गैस एजेंसी के मैनेजर ने बताया कि नियम के अनुसार उपभोक्ता पिछले सिलिंडर की डिलीवरी के करीब 25 दिन बाद ही नया सिलिंडर बुक कर सकते हैं, लेकिन कई उपभोक्ता समय से पहले ही बुकिंग करने का प्रयास करते हैं। इससे भी आईवीआरएस प्रणाली पर दबाव बढ़ जाता है और तकनीकी दिक्कतें सामने आती हैं।
हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जिले में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। प्रशासन ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि बुकिंग और डिलीवरी की व्यवस्था को सुचारु रखा जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article