लखनऊ| तालकटोरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दबंगों ने एक किशोर का अपहरण कर उसे करीब पांच घंटे तक बंधक बनाकर रखा। आरोप है कि बदमाशों ने चलती गाड़ी के अंदर किशोर की कनपटी पर पिस्टल लगाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जबरन उसके कपड़े उतरवाए और पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की। इस दौरान किशोर हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा, लेकिन दबंग उस पर रहम करने को तैयार नहीं हुए।
घटना 31 दिसंबर की रात की बताई जा रही है। पीड़ित किशोर ने किसी तरह अपनी मां को फोन कर बताया कि उसे अगवा कर लिया गया है और गाड़ी के अंदर पिस्टल लगाकर पीटा जा रहा है। मां की सूचना पर परिजन घबरा गए, लेकिन बदमाशों ने डर का माहौल बनाते हुए धमकी दी कि पुलिस को सूचना देने पर जान से मार देंगे।
आरोप है कि बदमाशों ने किशोर को करीब पांच घंटे तक बंधक बनाकर रखा और लगातार मारपीट करते रहे। बाद में घर से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाते हुए गुरुवार सुबह करीब छह बजे उसे छोड़ दिया गया। किशोर की हालत उस समय बेहद खराब थी और वह मानसिक रूप से भी बुरी तरह सहमा हुआ था।
इस सनसनीखेज घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दबंग किशोर की कनपटी पर पिस्टल लगाकर उसे पीट रहे हैं और वह हाथ जोड़कर माफी मांग रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
पीड़ित की मां ने तालकटोरा थाने में आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, जान से मारने की धमकी और फिरौती मांगने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों और संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश या वसूली से जुड़ा हो सकता है। पीड़ित किशोर का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसका बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।


