25 C
Lucknow
Tuesday, March 17, 2026

घरेलू सिलेंडर से पकौड़ी तलना पड़ा भारी, दुकान से 3 सिलेंडर जब्त,मुकदमा दर्ज

Must read

मुरादाबाद:पाकबड़ा क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग के खिलाफ जिला पूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एजाजी कन्फेक्शनरी एंड पकौड़ी सेंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान से एचपी के तीन घरेलू गैस सिलेंडर और एक कमर्शियल सिलेंडर बरामद किए गए। टीम द्वारा सिलेंडरों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर दुकान मालिक मो. अतीक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद सभी सिलेंडर जब्त कर लिए गए।

जिला पूर्ति विभाग ने पूरी रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी अनुज सिंह को सौंपी, जिनके निर्देश पर आरोपी के खिलाफ पाकबड़ा थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच में यह भी सामने आया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक कार्यों में इस्तेमाल कर अवैध लाभ कमाया जा रहा था, जो द्रवित पेट्रोलियम गैस आपूर्ति एवं वितरण आदेश-2000 का उल्लंघन है।

बताया गया कि अमेरिका-ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के चलते संभावित गैस संकट को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी के निर्देश पर 57 टीमों का गठन कर जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान गैस एजेंसियों की निगरानी के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए विशेष अभियान जारी है।

मंगलवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आनंद प्रभु सिंह, पूर्ति निरीक्षक विशाखा और सत्यजीत सिंह की टीम ने पाकबड़ा क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों की जांच की। इसी दौरान मुहल्ला जुम्मेरात बाजार स्थित उक्त दुकान पर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article