– उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस से शिकायत
टीला मसेंनी के हमलावरों पर जानलेवा हमले का आरोप, भाजपा नेता समेत कई लोगों ने कराया बीच-बचाव
फर्रुखाबाद में होली के दिन हुड़दंग और उपद्रव की एक गंभीर घटना सामने आई है। शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी और फ्रेंड्स होंडा एजेंसी के मालिक सुशित कटियार के घर कुछ उपद्रवियों द्वारा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत करते हुए हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया है कि होली के मौके पर सुशित कटियार के घर पर परिवार और परिचित लोग मौजूद थे। इसी दौरान टीला मसेंनी, थाना कादरी गेट क्षेत्र के कुछ उपद्रवी वहां पहुंच गए और अचानक हंगामा करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों की नियत जानलेवा थी और उन्होंने घर के बाहर माहौल खराब कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय घर पर होली मिलने आए कई लोग मौजूद थे। जानकारी के अनुसार मसेंनी निवासी राजकीय ठेकेदार सुधाकर कटियार, संजू कटियार और भाजपा नेता दीपक कटियार सहित अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। यदि समय रहते लोगों ने हस्तक्षेप न किया होता तो मामला और गंभीर हो सकता था।
पीड़ित सुशित कटियार ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके ऊपर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। उन्होंने इस संबंध में पुलिस से शिकायत दर्ज कराते हुए सुरक्षा की मांग की है। साथ ही उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस के आला अधिकारियों को भी दी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होली जैसे पर्व पर हुई इस घटना से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के दिन इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती हैं और ऐसे उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


