मेरठ। मखदुमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने आए पांच युवक गंगा में स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों और साथियों की मदद से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चार अन्य युवक गंगा की तेज धारा में बह गए। देखते ही देखते वे लापता हो गए, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि सभी युवक अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घाट पर पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वे संतुलन खो बैठे।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। गोताखोरों की मदद से युवकों की तलाश की जा रही है।
देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद लापता युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान को सीमित करना पड़ा, जिसे अगले दिन फिर से तेज किया जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सावधानी बरतें, खासकर तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें।


