अमृतपुर फर्रुखाबाद: थाना क्षेत्र राजेपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में परीक्षा देकर घर लौट रहे चार छात्र घायल हो गए। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। हादसे में दो छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित पुत्र राकेश निवासी ग्राम हरिहरपुर, मोनू पुत्र शालिग्राम निवासी हरिहरपुर, देवांश पुत्र रमेश चंद्र निवासी राजेपुर तथा ऋतिक पुत्र नीरज निवासी राजेपुर परीक्षा देकर चित्रकूट के पास स्थित एक विद्यालय से अपने घर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि चारों युवक बाइक से राजेपुर की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कस्बा हमीरपुर के नजदीक पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा गया।सीएचसी राजेपुर में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अमित वर्मा तथा फार्मासिस्ट बृजेश मिश्रा ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कर प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार अमित और मोनू की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। बाद में अन्य दो घायलों को भी बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है और घायल छात्रों के उपचार के लिए परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बन गई।
थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


