– वसंतोत्सव में हुए शामिल, ध्यान साधना में लिया हिस्सा
– तीन दिवसीय कार्यक्रम में भाग लेने आए।
शाहजहांपुर: शहीदों की नगरी में देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (Former President Ram Nath Kovind) मंगलवार को तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे। वह हरदोई मोड़ स्थित श्रीरामचंद्र मिशन आश्रम में आयोजित वसंतोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए और ध्यान साधना में भी सहभागिता की।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र स्थित श्रीराम चंद्र महाराज द्वारा स्थापित आश्रम में 50 वर्षों की स्वर्णिम आध्यात्मिक यात्रा पूर्ण होने पर 20 दिवसीय वसंतोत्सव का आयोजन किया गया है। वर्तमान में कार्यक्रम का दूसरा सत्र चल रहा है। पूर्व राष्ट्रपति इसी कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे हैं और तीन दिन तक आश्रम में प्रवास करेंगे।
पूर्व राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर मंगलवार सुबह लगभग 9:30 बजे रिलायंस थर्मल पावर के हेलीपैड पर उतरा। वहां से वे रिलायंस गेस्ट हाउस पहुंचे और तत्पश्चात जेड प्लस सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से श्रीराम चंद्र मिशन आश्रम पहुंचे।
आश्रम पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने गुरु सत्ता को प्रणाम किया और श्रीराम चंद्र महाराज की समाधि पर नमन किया।
मिशन के अध्यक्ष एवं हार्टफुलनेस मेडिटेशन के वैश्विक मार्गदर्शक कमलेश डी. पटेल ‘दाजी’ ने पूर्व राष्ट्रपति का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय यादव ने भी उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित किया।
पूर्व राष्ट्रपति के तीन दिवसीय प्रवास को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। संभावना है कि प्रवास के दौरान पूर्व राष्ट्रपति जनपद के अन्य प्रमुख स्थानों का भी निरीक्षण कर सकते हैं।
पूर्व राष्ट्रपति का यह दौरा आध्यात्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे आश्रम और जनपद दोनों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही


