शिवली थाना क्षेत्र के बैरी सवाई गांव में रास्ते में पड़ी बल्लियां हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि नाराज लोगों ने पूर्व प्रधान वीरेंद्र कुमार उर्फ सोनू तिवारी और उनके साथी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना के बाद कार्रवाई न होने से आहत पूर्व प्रधान ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने समय रहते उन्हें बचा लिया।
नुरारी बहादुरपुर औनहां निवासी सोनू तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम वह बरियन नेवादा के पूर्व प्रधान प्रवीण कुमार राजपूत के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। बैरी सवाई में मोहम्मद हनीफ के घर के बाहर सड़क पर पड़ी बल्ली हटाने को कहा तो वह भड़क उठा। आरोप है कि हनीफ और उसके परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार हनीफ, उसके भाई रज्जाय और यूनुस, बेटे जाकिर उर्फ बड़े बउवा, जावेद उर्फ छोटे, तौफीक उर्फ शीबू, भतीजे साहिल, तौहीद समेत अन्य लोगों ने मिलकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि हमलावर उन्हें घर के अंदर ले जाकर गंभीर नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन राहगीरों के हस्तक्षेप से वे बच सके।
घटना के बाद अपेक्षित कार्रवाई न होने से तनाव में आए सोनू तिवारी ने बुधवार दोपहर घर के शौचालय में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें नीचे उतारकर सीएचसी शिवली ले गए। वहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही कुछ संगठनों के लोग सीएचसी पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।


