अमृतपुर फर्रुखाबाद: थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम गूजरपुर पमारान में पुरानी रंजिश को लेकर पूर्व प्रधान समेत पांच लोगों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शिवकांत मिश्रा पुत्र अमरनाथ निवासी ग्राम राजपुर थाना अमृतपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दिनांक 07 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपने ढाबे पर बैठा था। इसी दौरान ग्राम पंचायत गूजरपुर पमारान के (पूर्व प्रधान) जितेंद्र यादव पुत्र दफेदार, रतीपाल पुत्र जगदीश निवासी राजपुर तथा दो अज्ञात व्यक्ति लाठी-डंडा, लोहे की रॉड व तमंचा लेकर वहां पहुंचे।
आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया और इंकार करने पर पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने उसे जमीन पर गिराकर गले पर डंडा रखकर जान से मारने का प्रयास किया।
घटना के दौरान शोर सुनकर पहुंचे परिजनों व राहगीरों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसकी खड़ी गेहूं की फसल में आग लगाने, झूठे मुकदमे में फंसाने तथा पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी है।थाना अमृतपुर पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर पूर्व प्रधान जितेंद्र यादव सहित अन्य के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
पूर्व प्रधान समेत 4 पर जान से मारने का आरोप, मुकदमा दर्ज


