हरदोई जिले में सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने 45 हजार रुपये घूस लेने के आरोप में बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लोन स्वीकृत कराने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद की गई। सुरेश चौधरी कछौना के रेलवेगंज निवासी हैं और बैंक ऑफ बड़ौदा की कछौना शाखा में रिकवरी एजेंट के रूप में भी कार्यरत बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार कछौना निवासी सीमा देवी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत पांच लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। उनका आवेदन स्वीकृत होने के बाद संबंधित पत्रावली बैंक ऑफ बड़ौदा की कछौना शाखा में भेजी गई थी। आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने के बदले बैंक के शाखा प्रबंधक ने सुरेश चौधरी के माध्यम से 45 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
पीड़िता सीमा देवी ने इस संबंध में सीबीआई में गोपनीय शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया और मंगलवार को सुरेश चौधरी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि इस मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की कछौना शाखा के प्रबंधक की तलाश भी की जा रही है।
इस बीच नगर पंचायत के पूर्व सभासद रंजीत राय गौतम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बताया जा रहा है कि वह सुरेश चौधरी के साथ सेक्टर समीक्षा बैठक कर रहे थे, तभी कुछ लोग उन्हें और सुरेश चौधरी को साथ लेकर चले गए। बाद में बालामऊ जंक्शन पर पूछताछ के दौरान उन्हें बताया गया कि बैंक से जुड़े एक फ्रॉड मामले की जांच चल रही है।


