30 C
Lucknow
Thursday, March 19, 2026

चैत्र नवरात्रि से पहले खाद्य विभाग की सख्ती, छापामार कार्रवाई में लिए गए नमूने

Must read

फर्रुखाबाद। आगामी चैत्र नवरात्र पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग ने मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को जनपद में व्यापक छापामार कार्रवाई की। इस दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच कर नमूने एकत्र किए गए, जिससे त्योहार के दौरान आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देशों के अनुपालन में की गई। अभियान का उद्देश्य बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना रहा।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अजीत कुमार के नेतृत्व एवं निर्देशन में तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के पर्यवेक्षण में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के प्रमुख स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह ने पक्का पुल क्षेत्र स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान से कुट्टू के आटे का नमूना संकलित किया। यह प्रतिष्ठान घनश्याम दास शिवानी द्वारा संचालित बताया गया।
इसके अतिरिक्त, संजय कुमार सिंह द्वारा मठिया देवी मंदिर और तिवारी नर्सिंग होम स्थित मंदिर के आसपास कुल 16 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवदास सिंह ने कायमगंज स्थित बाला जी मंदिर और शिवालय मंदिर के आसपास 8 दुकानों की जांच की।
जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा मानक गुणवत्ता का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया, वहीं आमजन ने इसे सराहनीय कदम बताया है। प्रशासन का कहना है कि नवरात्रि के दौरान इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article