हरदोई। जिले में भगवान श्रीराम, माता कौशल्या और जानकी को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में समाजवादी पार्टी से जुड़े एक नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हरपालपुर थाना क्षेत्र में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह मामला सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र का है, जहां एक कार्यक्रम के दौरान मंच से दिए गए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा भगवान श्रीराम और माता कौशल्या के संबंध में आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 27 मार्च को दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि सार्वजनिक सभा के दौरान सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की। यह भी कहा गया है कि उन्होंने वाल्मीकि रामायण का संदर्भ देते हुए भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए गए और प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी। लोगों का कहना है कि धार्मिक आस्थाओं पर इस तरह की टिप्पणियां समाज में वैमनस्य पैदा कर सकती हैं, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने कहा कि संबंधित व्यक्ति पार्टी के किसी पद पर नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इस प्रकार के बयानों की कड़ी निंदा करती है और इसका सपा से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता भगवान श्रीराम में आस्था रखते हैं।
वहीं, इस पूरे प्रकरण पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे सपा की ओर से सनातन और हिंदुत्व के खिलाफ साजिश करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान केवल वोट बैंक की राजनीति के तहत दिए जाते हैं। बघेल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की रचना पर सवाल उठाना अनुचित है और इस तरह की टिप्पणियां समाज को बांटने का प्रयास हैं।
सीओ सत्येंद्र कुमार के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच के बाद हरपालपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


