फर्रुखाबाद। जनपद में रसोई गैस की कथित किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग की टीम लगातार दुकानों पर छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में भोलेपुर क्षेत्र में की गई जांच के दौरान दो दुकानदारों के खिलाफ अवैध गैस रिफिलिंग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव के निर्देशन में पूर्ति निरीक्षक बढ़पुर अमित चौधरी, पूर्ति निरीक्षक कमालगंज-मोहम्मदाबाद अभिषेक मिश्रा की टीम ने स्टेशन रोड फतेहगढ़ स्थित भोलेपुर इलाके में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्याम गैस चूल्हा विक्रेता की दुकान और खाटू श्याम लॉज एंड होटल के नीचे संचालित एक अन्य दुकान की जांच की गई।
जांच के दौरान श्याम गैस चूल्हा विक्रेता के प्रतिष्ठान पर राघव नामक व्यक्ति मौजूद मिला, जबकि दूसरी दुकान का संचालन रिषभ द्वारा किया जा रहा था। टीम को मौके पर घरेलू गैस सिलेंडर, दो रिफिलिंग उपकरण और एक पांच किलोग्राम का छोटा गैस सिलेंडर मिला। जांच में पाया गया कि घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस की रिफिलिंग की जा रही थी।
अधिकारियों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर से इस प्रकार गैस की रिफिलिंग करना आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई, जिसके बाद उनके आदेश के अनुपालन में दोनों दुकानदारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि जनपद में गैस की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर लगातार छापेमारी की कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं पूर्ति निरीक्षक बढ़पुर अमित चौधरी ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अवैध गतिविधि करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि गैस की कमी को लेकर किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों के अनुसार जनपद में गैस और अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, इसलिए लोग घबराएं नहीं और अनावश्यक भंडारण करने से बचें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
गैस की कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्ती, दो दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज


