फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नगला जोध में अवैध निर्माण की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा मारपीट और पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में खुदागंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार की तहरीर पर नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 फरवरी को पीआरवी संख्या 7871 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम नगला जोध में कुछ लोग अवैध रूप से मकान का निर्माण कर रहे हैं। सूचना देने वाले ऋषि प्रताप ने बताया कि मनीष, पंकज और मोनू निवासी नगला जोध निर्माण कार्य कर रहे हैं और मना करने पर भी नहीं मान रहे हैं।
सूचना पर खुदागंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार अपने हमराह हेड कांस्टेबल कृष्णपाल और कांस्टेबल खेमचंद्र के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने निर्माण कार्य रोकने को कहा तो आरोपित उत्तेजित होकर गाली-गलौज करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख थाना प्रभारी को सूचना देकर अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई।
अतिरिक्त फोर्स पहुंचने पर मामला और उग्र हो गया। आरोप है कि मनीष, पंकज, मोनू सहित 8-10 अज्ञात पुरुष एवं 15-20 महिलाएं पुलिस टीम से भिड़ गईं और मारपीट पर उतारू हो गईं। इस दौरान महिला कांस्टेबल चंचल के साथ हाथापाई की गई, जिससे उनकी वर्दी अस्त-व्यस्त हो गई और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
बताया गया है कि आरोपितों ने सरकारी जीप के सामने खड़े होकर पथराव भी किया, जिससे गांव में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान ग्रामीणों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
मामले की जांच इंस्पेक्टर राजीव कुमार को सौंपी गई है। खुदागंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।






