लखनऊ। राजधानी लखनऊ में दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के प्रयास से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर डॉक्टर रमीज मलिक के खिलाफ चौक थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार, जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाता रहा।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दुष्कर्म के चलते पीड़िता गर्भवती हो गई थी। इसके बाद आरोपी ने दवा खिलाकर जबरन गर्भपात करा दिया। इस पूरे घटनाक्रम से पीड़िता मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गई।
पीड़िता KGMU में कर रही है PG पीड़िता किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में पीजी (स्नातकोत्तर) की पढ़ाई कर रही है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी द्वारा लगातार धमकी और मानसिक उत्पीड़न के चलते वह लंबे समय तक चुप रही।
आत्महत्या का भी किया था प्रयास
पीड़िता के अनुसार, आरोपी के दबाव और भय के कारण उसने आत्महत्या का प्रयास भी किया था। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाता था। इस संबंध में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौक थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मामले ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और मेडिकल संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here