फर्रुखाबाद। जनपद में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के अंतर्गत चल रहे सत्यापन कार्य के दौरान एक गंभीर मामला सामने आया है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा था, उसी दौरान एक युवक द्वारा बीएलओ के साथ अभद्रता करते हुए वितरित किए गए फॉर्म को फाड़कर फेंक देने का आरोप लगा है। पीड़ित बीएलओ की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला फर्रुखाबाद के थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम तुर्कीपुर का बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तुर्कीपुर में तैनात बीएलओ उर्मिला देवी द्वारा एसआईआर फॉर्म पहले ही वितरित कर दिए गए थे। इसके पश्चात जब वह फॉर्म को एकत्र करने के लिए पुनः गांव पहुंचीं, तो गांव निवासी अनस पुत्र हबीब खां ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान उसने मतदाता सत्यापन से संबंधित फॉर्म को फाड़कर सड़क पर फेंक दिया और बीएलओ को धमकाते हुए भगा दिया।
घटना से आहत बीएलओ उर्मिला देवी फटे हुए फॉर्म लेकर सीधे थाना मऊ दरवाजा पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत पुलिस को दी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना मऊ दरवाजा पुलिस ने आरोपी अनस के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, अभद्रता एवं अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भी प्रयास किए जा रहे हैं।
यह मामला कोई एकमात्र घटना नहीं है। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बीएलओ के साथ दुर्व्यवहार, सहयोग न करने और फॉर्म वापस न देने जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे बीएलओ में भारी आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है। कई बीएलओ का कहना है कि प्रशासनिक आदेशों के तहत वे जनसेवा में लगे हैं, लेकिन उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के असहयोग और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन की ओर से लगातार यह अपील की जा रही है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें सभी नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रह जाए। बीएलओ सरकारी दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी कमजोर करता है।






